बलौदा ,19 मई 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में केन्द्र की भाजपा सरकार की जनविरोधी एवं गलत आर्थिक नीतियों के कारण लगातार बढ़ रही महंगाई के खिलाफ आज सराफा बाजार में विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने आम नागरिकों, व्यापारियों, कारीगरों एवं कर्मचारियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुनी तथा बढ़ती महंगाई के प्रति सरकार की उदासीनता के खिलाफ आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री तथा सोना-चांदी की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता का जीवन कठिन होता जा रहा है। किसान, मजदूर, मध्यम वर्ग, छोटे व्यापारी एवं आम नागरिक आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। वहीं दिन विशेष ,उत्सव और शादियों में सोने की खरीदी पर रोक के आव्हान एवं बाजार में मंदी के कारण सराफा व्यापार से जुड़े हजारों परिवारों की आजीविका आर्थिक और मानसिक स्थिति से प्रभावित हो रही है। उनके सामने जीविका पार्जन की समस्या आ गई है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित चार दिवसीय आंदोलन के तहत 17 मई को पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के विरोध में पेट्रोल पंपों के सामने प्रदर्शन किया गया, 18 मई को खाद्य तेल एवं राशन सामग्री की बढ़ती कीमतों को लेकर किराना बाजारों में जनजागरण अभियान चलाया गया तथा आज 19 मई को सराफा बाजार में प्रदर्शन कर व्यापारियों जेवर बनाने वाले कारीगरों एवं आम नागरिकों से संवाद किया गया।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने केन्द्र सरकार से मांग की है कि पेट्रोल-डीजल, खाद्य सामग्री एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर तत्काल नियंत्रण किया जाए तथा आम जनता को महंगाई से राहत प्रदान की जाए। कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर निरंतर संघर्ष करती रहेगी और जनता की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी।
इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सदन यादव, नगर पंचायत अध्यक्ष कविता डहरिया, कन्हैया राठौर, ललिता पाटले, शशि जगत, मनोज यादव, रामगोपाल रात्रे, आरिफ कुरैशी, संजय देवांगन, प्रीतेश शुक्ला, नर्मदा सोनी, शिवा देवांगन, दिलहरण, शत्रुघ्न राठौर, कृष्ण कुमार गुप्ता, डब्बू अग्रवाल, प्रिंस सोनी, आयन आदित्य, प्रखर शराफ, नमन आदित्य एवं जगवीर अनंत सहित कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, सराफा व्यवसायियों, कारीगरों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थित रही।
