बलौदा,13 अगस्त 2026 ।
आगामी गणेश उत्सव पर्व के दौरान नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कानून व्यवस्था, सामाजिक सौहार्द और सुरक्षा बनाए रखने के मद्देनजर रविवार सुबह को बलौदा थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस ,नगर पंचायत अध्यक्ष कविता डहरिया ने विभिन्न गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों, व्यापारियों, क्षेत्र के सरपंचो, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सक्रिय सहयोग की अपील की।

थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने सभी उत्सव समितियों को निर्देशित किया कि पंडालों में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार के विवाद, संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय स्थिति की संभावना दिखने पर कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते आवश्यक निवारक कार्रवाई की जा सके।
रात्रि 10 बजे के बाद डी जे, साउंड सिस्टम को बंद, रखने, गणपति आगमन और विसर्जन के समय ध्वनि यंत्रो, ढोल ताशे का उपयोग के पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है,विसर्जन शाम ढलने के पूर्व करने को कहा, गणेश पूजा समिति के अध्यक्ष, पदाधिकारियों,और सदस्यों के नाम पूर्व से ही थाने में लिखकर अवगत कराएं।
उन्होंने समितियों से पुलिस बल के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का आग्रह किया। थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा ने कहा कि गणेश उत्सव श्रद्धा, भक्ति, उल्लास और सामाजिक समरसता का पावन प्रतीक है। सभी नागरिक आपसी प्रेम, सौहार्द और मर्यादा का पालन करते हुए त्योहार मनाएं।
ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग और यातायात व्यवस्था में किसी तरह का व्यवधान न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पार्षदों ,एल्डरमेन, सरपंचो , व्यापारियों व समिति सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि वे सभी शासकीय दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांति व गरिमामय वातावरण में संपन्न कराएंगे।
