बलौदा, 6 अक्टूबर
देवरी चिचोली पिकनिक स्पॉट हादसा : आशीष भोई का शव मिला, युवती की तलाश जारी
बलौदा देवरी ग्राम के चिचोली हसदेव नदी में डूबे युवकों में से एक और का शव सोमवार सुबह बरामद हुआ है। यह लाश महुदा गांव के पास नदी के टापू में मिली है। मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है, जबकि लापता युवती की तलाश अब भी जारी है।
शनिवार की शाम पांच दोस्त पिकनिक मनाने के लिए देवरी गांव स्थित हसदेव नदी किनारे पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हुआ और पांचों गहराई में समा गए। स्थानीय लोगों ने कोशिश कर दो को – मोनिका सिन्हा और लक्ष्मी शंकर को सुरक्षित निकाल लिया। रविवार को अंकुर कुशवाहा की लाश नदी के बहाव में करीब 15 से 17 किलोमीटर दूर कुदरी बैराज के पास मिली थी, और अब दूसरे युवक आशीष भोई का शव महुदा गांव के पास मिला हुआ है।
रेस्क्यू टीम एस डी आर एफ और डी डी आर एफ लगातार मौके पर जुटी हुई है, ड्रोन कैमरों की मदद से नदी में तलाशी अभियान जारी है, ग्रामीणों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई है।
ए एस पी उमेश कश्यप ने बताया कि सभी बिलासपुर में रहकर पीएससी की कोचिंग कर रहे थे। बारिश के चलते नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन में कठिनाई आ रही है। एस डी आर एफ की टीम और स्थानीय जवान गोताखोर लापता युवती की तलाश में जुटे हुए हैं।
