
बलौदा 12 मार्च। शासकीय पीएमश्री कन्याशाला बलौदा प्राथमिक शाला में अध्ययनरत नौनिहाल छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए नियमित पढ़ाई के साथ-साथ संगीत एवं योग शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। विद्यालय में वर्तमान में लगभग 65 छात्र-छात्राएँ अध्ययनरत हैं, जिन्हें शैक्षणिक गतिविधियों के साथ रचनात्मक एवं स्वास्थ्यवर्धक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जा रहा है।
विद्यालय की संगीत शिक्षिका अंकिता मिरी द्वारा छात्र-छात्राओं को संगीत की बारीकियों का उत्कृष्ट ज्ञान दिया जा रहा है। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थी सुर, ताल और लय सीखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता कर रहे हैं। संगीत शिक्षा से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन एवं रचनात्मक क्षमता का विकास हो रहा है।
इसी प्रकार योग शिक्षक राकेश यादव द्वारा प्रतिदिन योगाभ्यास कराया जा रहा है। योग के माध्यम से छात्र-छात्राओं को शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन तथा एकाग्रता बनाए रखने की शिक्षा दी जा रही है। नियमित योग अभ्यास से बच्चों में सकारात्मक सोच और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ रही है।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार नई शिक्षा नीति के अनुरूप शासकीय विद्यालय में बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं सांस्कृतिक विकास को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे छात्र-छात्राएँ शिक्षा के साथ अच्छे संस्कार और स्वस्थ जीवनशैली भी सीख सकें।
सरकारी पीएमश्री प्राथमिक शाला बलौदा की यह पहल क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समग्र विकास का प्रेरणादायक उदाहरण बन रही है।
Surendra Kumar Soni
सुरेन्द्र कुमार सोनी “ख़बर भारतीय” के संपादक हैं। सामाजिक सरोकार, पत्रकारिता की नैतिकता और निष्पक्ष खबरों को पाठकों तक पहुँचाना इनकी प्राथमिकता है। लगातार स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय समाचार तक, सटीक और प्रभावशाली रिपोर्टिंग प्रस्तुत करने में विश्वास रखते हैं।
