जांजगीर ,27 सितम्बर 2025
नवरात्रि दशहरा पर्व पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने जांजगीर पुलिस ने सख्ती दिखाई है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आइपीएस ) के निर्देशन में नैला श्री दुर्गा पंडाल और मेले में आये से युवकों के करीब 1700 स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए गए। इन कड़ों का उपयोग हमले या विवाद की स्थिति में हथियार की तरह किया जा सकता था।
कई कड़े इतने भारी थे कि उन्हें खतरनाक हथियार की श्रेणी में रखा जा सकता है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान संदिग्ध युवकों की पहचान की, उनसे कड़े निकलवाए और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सतत पेट्रोलिंग और रात में विशेष गश्त की जा रही है।
अभियान की कमान एएसपी उमेश कुमार कश्यप, एएसपी ट्रैफिक उदयन बेहार और थाना प्रभारी मणिकांत पाण्डेय ने संभाली। पुलिस टीम लगातार पंडाल और मेले में पेट्रोलिंग कर रही है और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
जांजगीर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर अब कोई ढील नहीं दी जाएगी।
आमजन से अपील की गई है कि संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि नवरात्रि का पर्व शांति और श्रद्धा के साथ मनाया जा सके।
