बलौदा- जांजगीर-चांपा
खबर भारतीय- जांजगीर-चांपा जिले के कृषि विभाग द्वारा जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था की जांच के लिए मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया। यह कार्रवाई संचालक कृषि राहुल देव के निर्देशन में उप संचालक कृषि चिरंजीवी सरकार, सहायक संचालक् रितेश मोटघरे, संयुक्त संचालक कृषि बिलासपुर एम.के. चौहान एवं उप संचालक कृषि जांजगीर ललित मोहन भगत की टीम द्वारा की गई।
निरीक्षण के दौरान चांपा में मेसर्स मालीराम ट्रेडिंग कंपनी, दिशा सेल्स और डबल लॉक विपणन केंद्र का निरीक्षण किया गया। मालीराम ट्रेडिंग कंपनी में यूरिया स्टॉक शून्य पाया गया, जबकि 125 बोरी 20:20:0:13 उर्वरक का पॉस मशीन में इंद्राज नहीं होने के बावजूद भौतिक भंडारण मिला। साथ ही 92 बकेट कोहीनूर ब्रांड का जैव उर्वरक बिना बिल उपलब्ध कराए पाया गया तथा कीटनाशक दवाओं का प्रिंसिपल सर्टिफिकेट लाइसेंस में दर्ज नहीं होने से प्रतिष्ठान को सीलबंद कर दिया गया। दिशा सेल्स में यूरिया का भंडारण नहीं मिला, जबकि अन्य उर्वरक का मिलान नियमानुसार पाया गया। वहीं, जिला विपणन संघ चांपा में उर्वरक का वितरण नियमों के अनुरूप किया जाना पाया गया।
विकासखंड अकलतरा के मेसर्स आर.के. ट्रेडर्स, ओशो कृषक मित्र तरौद, अशोका ट्रेडर्स तरौद, बोलबम कृषि केंद्र बनाहिल, पटेल कृषि सेवा केंद्र खिसोरा, श्रीराम कृषि केंद्र अकलतरा और जैन ट्रेडर्स अकलतरा का भी निरीक्षण किया गया। यहां किसी भी प्रतिष्ठान में यूरिया का भंडारण नहीं मिला। इसी तरह पामगढ़ विकासखंड के शंकरलाल साहू डोगाकहरौद, श्यामशरण कृषि केंद्र डोगाकहरौद, साहू खाद भंडार चंडीपारा, पवन कुमार अग्रवाल पामगढ़ और कृष्णकुमार कश्यप लोहर्सी के प्रतिष्ठानों में भी यूरिया उपलब्ध नहीं था।
बम्हनीडीह ब्लॉक के महामाया ट्रेडर्स, अनुपम कृषि केंद्र, पटेल कृषि केंद्र, कमल कृषि केंद्र, छत्रपाल कृषि केंद्र, पूर्णिमा देवांगन और चंद्रा कृषि केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां यूरिया का भंडारण नहीं मिला।
अधिकारियों ने बताया कि उर्वरक वितरण की पारदर्शिता बनाए रखने और अवैध भंडारण रोकने के लिए यह कार्यवाही सितम्बर माह भर जारी रहेगी।
